देहरादून। “ऑपरेशन कालनेमि” के तहत दून पुलिस को सोमवार को एक और बड़ी सफलता मिली है। पटेलनगर थाना क्षेत्र से पुलिस ने दो बांग्लादेशी महिलाओं को गिरफ्तार/हिरासत में लिया है, जिनमें से एक महिला फर्जी भारतीय दस्तावेजों से वर्षों से भारत में अवैध रूप से रह रही थी।
पटेलनगर पुलिस की टीम को 24 नवंबर को थाना क्षेत्र में दो संदिग्ध महिलाओं के अवैध रूप से रहने की सूचना मिली। इस पर पुलिस ने देहराखास पटेलनगर से भूमि शर्मा नाम बताने वाली महिला को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपना वास्तविक नाम बबली खातून पत्नी मोहम्मद मुनजु निवासी बांग्लादेश बताया।
पुलिस को उसके पास से आधार कार्ड, आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड, वोटर आईडी सहित कई फर्जी भारतीय दस्तावेज मिले। साथ ही बबली बेगम नाम से एक बांग्लादेशी आईडी भी बरामद हुई। कोविड काल में वह अवैध रूप से बॉर्डर पार कर भारत आई थी। बाद में उसने देहरादून में नाम बदलकर एक स्थानीय युवक से विवाह किया और जमीन शर्मा के नाम पर फर्जी दस्तावेज बनवा लिए। पुलिस ने उसके खिलाफ धारा 420, 467, 468, 471 आईपीसी, पासपोर्ट अधिनियम व विदेशी अधिनियम में मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार किया है।
दूसरी कार्रवाई में पुलिस ने कारगी रोड, कालिंदा विहार से बॉबी खातून नाम की 41 वर्षीय बांग्लादेशी महिला को हिरासत में लिया। वह वर्ष 2023 में चोरी-छिपे भारत में प्रवेश कर देहरादून में मजदूरी कर जीवनयापन कर रही थी। उसके पास से बांग्लादेशी पहचान पत्र की छायाप्रति बरामद हुई। पुलिस उसे नियमानुसार बांग्लादेश डिपोर्ट करने की प्रक्रिया में जुटी है। ऑपरेशन कालनेमि के तहत अब तक जिले में अवैध रूप से रह रहे 17 बांग्लादेशी नागरिकों पर कार्रवाई की जा चुकी है, जिनमें से 8 के खिलाफ मुकदमे दर्ज कर जेल भेजा गया, जबकि 9 को डिपोर्ट किया गया है।
