थाना कालसी क्षेत्र में बुधवार सुबह दुखद हादसा हो गया। चकराता रोड पर धोईरा गांव से लगभग दो किलोमीटर पहले एक यूटिलिटी वाहन गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वाहन सवार दो लोग गंभीर घायल हो गए।
सूचना मिलने के बाद थाना कालसी पुलिस टीम मौके के लिए रवाना हुई। एसडीआरएफ को भी तत्काल बुलाया गया। घायलों और मृतक को खाई से बाहर निकाला गया। घायलों ने बताया कि वे यूटिलिटी वाहन संख्या UK 16 CA 0250 से विकासनगर से धोईरा जा रहे थे कि हादसा हो गया। हादसे में सवार लोग बीच रास्ते में ही छिटककर गिर गए, जबकि चालक वाहन सहित नीचे जा गिरा। घायलों को सरकारी अस्पताल कालसी पहुँचाया गया। मृतक चालक राजेंद्र (45 वर्ष) निवासी ग्राम धोईरा के शव को मोर्चरी विकासनगर भेज दिया गया है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी है।
घायल
• धनू (52), निवासी ग्राम निछिया
• अनुज (32), निवासी ग्राम धोईरा
मृतक
• राजेंद्र (45), निवासी ग्राम धोईरा (चालक)
